सर्वप्रथम आप सबको प्रेम
भरा नमस्कार एवं हिंदी दिवस की अनंत शुभकामनाएं J!!
काफी समय से इस उधेड़ -
बुन में था कि ब्लॉग लिखु किन्तु अक्सर इस दुनिया में आपको मेरी जैसी सोच के कई
व्यक्ति मिल जायेगे जो करना तो बहुत कुछ चाहते है किन्तु समय न निकाल पाने की
मजबूरी को किसी राष्ट्रीय समस्या की तरह उजागर कर देते है L
किन्तु आज हिंदी दिवस के
अवसर पर निर्णय कर लिया था कि इस वर्ष के अंत आते-आते मेरा हिंदी ब्लॉग अवश्य शुरू
करूँगा. क्या करें साहब! देर आये दुरुस्त आये कह कर आगे बात को बढ़ाता हूँ.
क्यों की मेरा ब्लॉग
हिंदी में है तो आज के ब्लॉग में, मैं वो मायने प्रस्तुत करूँगा जो हिंदी के कुछ
भिन्न पहलुओं को व्यक्त करते है. आज के भारत में हिंदी भाषा की अच्छी सोच और परख
रखने वाले दो हिस्सों में बंटे दिखाई देते है एक वो लोग जो हिंदी को एक पौराणिक,
मर्यादित व भारतीयता की सीमा में प्रदर्शित करते है जिसमें हिंदी का प्रदर्शन केवल
और केवल शुद्दता को उजागर करता है किन्तु उसका आयाम सिमित है. दूसरे वो लोग है जो
हिंदी को हर समय खुली जीभ या कलम से टहलने देते है ताकि हिंदी दूसरी भाषा के
शब्दों को भी शरण दे सके. यह ठीक वैसा ही है जैसे लैटिन भाषा के कई शब्द अपनी
सीमाएं पार कर के अंग्रेजी से जा मिले और उनका उपयोग अंग्रेजी में निरंतर लिया
जाने लगा है और इस तरह अंग्रेजी की शब्दावली किसी बेल की तरह और उगती गयी और आज भी
जारी है.
मैं यह तो नहीं कहूँगा कि
हिंदी का अस्तित्व भारत में खोता जा रहा है किन्तु यह जरुर कहूँगा कि सन 90 के दशक
से अब तक हिंदी एक सिमित माध्यम तक ही प्रदर्शन का जरिया थी किन्तु इन्टरनेट पर आई
भाषा की क्रांति ने हिंदी को एक नया आयाम दिया और उसके बाद आई स्मार्ट फ़ोन की पीढ़ी
ने भी हिंदी को एक नया दायरा दिया. आज हिंदी अपने पाँव धीमे-धीमे हर भाषाई माध्यम
पर जमाती जा रही है फिर चाहे वो दुनिया को क्षण भर में जोड़ने वाली एप, व्हाट्सएप
हो या अंतरराष्ट्रीय चैनल जैसे स्टारस्पोर्ट्स या डिस्कवरी चैनल या बी.बी.सी.
न्यूज़. आज हिंदी अपनी सीमा से बाहर टहल रही है ताकि उसे अन्य भाषाएँ अपना सके व वो
अन्य भाषाएँ अपना सके.
मैं यह नहीं कहता हूँ कि
हर समय हिंदी बोली जाए या हर समय अंग्रेजी ही बोली जाए. वैसे अक्सर हिंदी दिवस पर
इस बात पर कई लेख पढता हूँ या टीवी चैनलों पर कार्यक्रम देखता हूँ कि इस देश में
हिंदी बोलने में लोग हीचकिचाने लगे है या अंग्रेजी हावी होती जा रही है. मेरा
मानना ऐसा है कि हर भाषा के व्याकरण की एक गरिमा है जिसके साथ छेड़छाड़ नहीं होनी
चाहिए ख़ास कर की तब, जब उस भाषा में शब्दों को परोस कर लिखा गया लेख या संवाद अधिक
से अधिक लोगों तक पहुँच रहा हो. कोई भी भाषा अग्रणी या पिछड़ी नहीं होती, हाँ यह
बात जरुर है कि उस भाषा को प्रयोग में लाने वाले अपनी अगली पीढ़ी को फिलहाल उस भाषा
से किस प्रकार अवगत कराते है यानी कि पीढ़ी दर पीढ़ी भाषा किस रूप में प्रवाहित हो
रही है. हिंदी भाषा सम्माननीय थी, है और रहेगी पर उसको संवाद या लेख में प्रस्तुत
करने वाले हिंदी का वेश बदलते रहेंगे और पढ़ने या सुनने वाले भी विभिन्न प्रतिक्रिया
देते रहेंगे.
मैं इस बात से सरोकार
जरुर रखता हूँ की आज कल हम घरों में या दफ्तरों में या किसी कार्यक्रम में या किसी
सार्वजानिक जगह पर हिंदी का उपयोग कम करते जा रहे है. ख़ास कर कि वो माता पिता जो
अपने बच्चे से हर छोटा वाक्य अंग्रेजी में कहते है, उदहारण के तौर पर “फिनिश योर
होमवर्क” या “प्लीज़, गो टू स्लीप” या “आई विल टेक यू फोर एन आइसक्रीम ईफ यू विल
कम्पलीट योर डिनर”. कई जगह आज कल की पीढ़ी अपनी बुद्धिमता का परिचय अंग्रेजी में
बात करने से देना चाहती है और देती भी है किन्तु यह जानना जरुरी है कि अंग्रेजी
में बात करने से और हिंदी को नकार देने में कोई बुद्धिमता नहीं है. चलिए, यह बात
भी सही है कुछ लोग कहते है कि अंग्रेजी में बात करनी इसलिए आनी चाहिए क्यों कि आज
कल के महंगे दौर में नौकरी में यह अपेक्षित भाषा है. चलिए यह बात सही है. आइये यह
भी जानते है कि यह अपेक्षित क्यों है?
हमारे देश में बहुत सी
कंपनिया बाहर की कंपनियों से व्यावसायिक लेनदेन या व्यावसायिक मुलाकात करती रहती
है चाहे वो स्वदेशी कंपनी हो या विदेशी. ऐसी कंपनी में आपको अंग्रेजी से दो-चार
होना ही पड़ता है. आप सरकारी नौकरी में भी लगते है तो भी आपको कहीं न कहीं अंग्रेजी
में कागजात का काम पड़ता है. ऐसे में हर माता-पिता यही चाहते है कि उनकी संतान
अंग्रेजी सीख जाए. मैं इस से थोड़ा भिन्न राय रखता हूँ कि आप अंग्रेजी जरुर सीखिए
किन्तु अपनी मातृभाषा को प्राथमिकता में रखिये.
आज कल कि पीढ़ी हिंदी
बोलने में ऐसे हिचकिचाने लगी है जैसे अगर नहीं बोला अंग्रेजी में तो निश्चित ही
संवाद में वर्चस्व खो देंगे. अजी! यही तो सबसे बड़ी वेदना है बदलते भारत की कि हम अनजान
या पहचान सबके सामने एक वर्चस्व के द्वन्द में उतर जाते है चाहे किसी के सामने बोलने
के लिए प्रयोग में अंग्रेजी का इस्तेमाल दिखावे के लिए ही क्यों न करना पड़े. जाने
क्यों हिंदी भाषी को कम आंकने वाला माना जाने लगा है जबकि अपनी कार में बैठ कर
हिंदी गीत सुनना पसंद है या टीवी पर हिंदी सीरियल देखना पसंद है या हिंदी चुटुकुले
पसंद है. मुझे लगता है कि सुनना सब चाहते है किन्तु बोलने में झिझक है.
कभी गौर कर के देखिएगा कि
जो आनंद “त्यौहार” को बोल के महसूस करने में आएगा वो “फेस्टिवल” को बोलने में नहीं
आएगा. जो ग्लानी “क्षमा” बोलने से महसूस होती है वो मात्र “सॉरी” बोलने से कहीं
ऊपर है. जो अहसानमंद होने की भावना “धन्यवाद” कहने में है वो “थैंक्स” से बहुत
गहरी और करीब है.
मेरी मानिए कि जरुरत जहाँ
अंग्रेजी की है वहां अंग्रेजी से “काम चला लीजिये” किन्तु बाकी जगह अपनी हिंदी को
वही अल्ल्हड़ अंदाज में कभी ठिठोली करने दीजिये या कभी गंभीर शब्दों में ढलने
दीजिये. अभिव्यक्ति की एक सशक्त भाषा है हिंदी - बस व्यक्त स्वतंत्र और सही तरीके
से करिये और देखिये कि आप खुद एक अध्याय बन जायेंगे.
आइयेगा इसी ब्लॉग पर फिर
से कभी...यूं ही एक संजीदा अभिव्यक्ति को हल्के - फुल्के अंदाज़ में जीवंत करेंगे
आप और हम.
तब तक के लिए शब्दों को
विदा करता हूँ आपकी आँखों तक के सफ़र के लिए...!!!
आपका
संदीप उपाध्याय
“अभिव्यक्ति”
संदीप उपाध्याय
“अभिव्यक्ति”
No comments:
Post a Comment